श्रेयस अय्यर 6 महीने तक टेस्ट क्रिकेट से बाहर
भारतीय टीम के स्टार बल्लेबाज श्रेयस अय्यर अगले छह महीने तक टेस्ट क्रिकेट से दूर रहेंगे। बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने बताया कि अय्यर ने बोर्ड को अपने फैसले की जानकारी दे दी है। वेस्टइंडीज के खिलाफ आगामी टेस्ट सीरीज से पहले उन्होंने खुद को अनुपलब्ध करार किया।
सूत्रों के मुताबिक, ऑस्ट्रेलिया-ए के खिलाफ अनाधिकारिक टेस्ट में खेलते समय अय्यर को बार-बार पीठ में ऐंठन और अकड़न की समस्या हुई। उनकी पीठ की सर्जरी पहले ही हो चुकी है, और फिलहाल मेडिकल टीम ने उन्हें लंबी अवधि तक आराम करने की सलाह दी है। इसी कारण उन्होंने इंडिया-ए की कप्तानी भी ध्रुव जुरेल को सौंप दी।
चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में अहम भूमिका निभाने वाले अय्यर के इस फैसले से टीम इंडिया के मध्यक्रम पर असर पड़ सकता है। इंग्लैंड सीरीज और एशिया कप से बाहर रहने के बाद, उनके वेस्टइंडीज सीरीज में लौटने की उम्मीद थी। लेकिन अब उनकी वापसी कम से कम छह महीने के लिए टल गई है। क्रिकेट विश्लेषकों का मानना है कि यह ब्रेक उनके करियर के लिए जरूरी तो है, लेकिन टीम संयोजन पर इसका गहरा प्रभाव पड़ेगा।
