भारत बना सबसे तेज़ी से बढ़ती अर्थव्यवस्था, विश्व बैंक की रिपोर्ट
विश्व बैंक की ताज़ा रिपोर्ट ने एक बार फिर भारत को वैश्विक अर्थव्यवस्था का सबसे चमकता सितारा बताया है। वित्त वर्ष 2025-26 में भारत की विकास दर थोड़ी घटकर 6.3% रहने का अनुमान है, लेकिन इसके बावजूद भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था बना रहेगा। अमेरिका, चीन, जर्मनी और जापान जैसे बड़े देश आर्थिक सुस्ती से जूझ रहे हैं, वहीं भारत ने मुश्किल हालातों में भी अपनी रफ्तार कायम रखी है।
रिपोर्ट के अनुसार, वैश्विक अर्थव्यवस्था 2025 में केवल 2.3% की दर से बढ़ेगी। अमेरिका की विकास दर 1.4% तक सिमट सकती है और चीन की 4.5% पर आ सकती है। यूरोप की स्थिति और भी कमजोर है, जहां ऊर्जा संकट और उत्पादन में कमी से ग्रोथ महज 1% रहने का अनुमान है। इसके विपरीत भारत की मजबूती इस बात में है कि उसकी अर्थव्यवस्था घरेलू मांग पर टिके होने के कारण बाहरी झटकों से ज्यादा प्रभावित नहीं होती।
भारत की युवा आबादी, बढ़ती शहरीकरण और लगातार हो रहा इंफ्रास्ट्रक्चर निवेश उसकी सबसे बड़ी ताकत साबित हो रहे हैं। सरकार सड़कों, रेलवे और डिजिटल ढांचे पर बड़े पैमाने पर खर्च कर रही है, जिससे निजी निवेश भी बढ़ रहा है। विशेषज्ञ मानते हैं कि यही कारण है कि भारत दुनिया की धीमी होती अर्थव्यवस्था के बीच भी सबसे अलग और सबसे मजबूत खिलाड़ी बनकर उभर रहा है।
