बिहार चुनाव: बीजेपी बदलेगी 30% उम्मीदवार
बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) बड़े पैमाने पर अपने उम्मीदवारों की सूची में बदलाव की तैयारी में है। पार्टी सूत्रों का कहना है कि इस बार करीब 15 से 20 मौजूदा विधायकों का टिकट काटा जाएगा, जबकि 2020 में हार का सामना कर चुके लगभग 13 उम्मीदवारों को भी दोबारा मौका नहीं मिलेगा। कुल मिलाकर बीजेपी करीब 30% सीटों पर नए चेहरों को मैदान में उतारने की रणनीति बना रही है।
सूत्रों के मुताबिक पार्टी ने टिकट कटौती के लिए स्पष्ट मानक तय किए हैं। इनमें उम्र, प्रदर्शन और सक्रियता जैसे पहलू अहम होंगे। इस समय बिहार के छह विधायक ऐसे हैं जिनकी उम्र 70 साल से ऊपर है। वहीं, पिछली बार 6 सीटें बेहद कम अंतर से जीती या हारी गईं और 13 सीटों पर भाजपा प्रत्याशी 11,000 से अधिक वोटों से हार गए थे। ऐसे मामलों में बदलाव लगभग तय माना जा रहा है। पार्टी संगठन अब प्रत्याशियों की समीक्षा सर्वे रिपोर्ट, जिलाध्यक्षों के फीडबैक और पिछली चुनावी रिपोर्टों के आधार पर कर रहा है।
बीजेपी नेताओं का मानना है कि एंटी इंकम्बेंसी को तोड़ने के लिए युवा और साफ-सुथरी छवि वाले उम्मीदवारों को प्राथमिकता दी जाएगी। पार्टी अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने हाल ही में पटना में रणनीतिक बैठक की, जबकि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 18 और 27 सितंबर को पटना में जोनल बैठकों की अध्यक्षता करेंगे। इन बैठकों में प्रत्याशियों की स्क्रूटिनी की जाएगी और अंतिम सूची केंद्रीय चुनाव समिति के समक्ष रखी जाएगी।
