आमिर खान ने एक्टर्स की फिजूलखर्ची पर जताई नाराज़गी

बॉलीवुड के मिस्टर परफेक्शनिस्ट आमिर खान ने हाल ही में इंडस्ट्री के कुछ एक्टर्स पर सीधा निशाना साधा है। उनका कहना है कि करोड़ों की कमाई करने वाले सितारे भी अपने निजी खर्चों को प्रोड्यूसर्स पर थोपते हैं। आमिर के मुताबिक यह प्रथा न सिर्फ शर्मनाक है बल्कि इंडस्ट्री के लिए नुकसानदायक भी साबित हो रही है।

कोमल नाहटा से बातचीत के दौरान आमिर खान ने खुलासा किया कि कई एक्टर्स अपने ड्राइवर्स, स्पॉट बॉय, ट्रेनर और कुक की फीस भी निर्माताओं से दिलवाते हैं। इतना ही नहीं, सेट पर लाइव किचन और जिम जैसी सुविधाओं की मांग कर वे कई वैनिटी वैन की फरमाइश करते हैं। आमिर ने कहा, “ये एक्टर्स करोड़ों रुपए कमाते हैं, फिर भी अपनी बुनियादी जरूरतें पूरी नहीं कर पाते। यह बेहद अजीब और इंडस्ट्री के लिए खतरनाक है।”

आमिर ने आगे उदाहरण देते हुए कहा कि जब वे अपनी फैमिली को आउटडोर शूट पर ले जाते हैं, तो खर्च हमेशा खुद उठाते हैं। उनका मानना है कि प्रोड्यूसर्स को सिर्फ मेकअप, हेयरस्टाइल और कॉस्टयूम जैसे जरूरी खर्च ही वहन करने चाहिए। बाकी निजी स्टाफ का भुगतान एक्टर्स की जिम्मेदारी है। आमिर की ये टिप्पणी इंडस्ट्री में जारी फिजूलखर्ची की संस्कृति पर एक अहम सवाल खड़ा करती है।