सुशीला कार्की बनीं नेपाल की अंतरिम पीएम, मोदी ने दी बधाई

नेपाल में राजनीतिक उथल-पुथल के बीच पूर्व चीफ जस्टिस सुशीला कार्की ने शुक्रवार को अंतरिम प्रधानमंत्री पद की शपथ ली। वह नेपाल की पहली महिला हैं जिन्होंने इस पद की जिम्मेदारी संभाली है। इस मौके पर भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए नेपाल में शांति और स्थिरता की उम्मीद जताई।

मोदी ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर लिखा कि “सुशीला कार्की को अंतरिम प्रधानमंत्री पद संभालने पर हार्दिक बधाई। भारत, नेपाल के नागरिकों की शांति, प्रगति और समृद्धि के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।” विदेश मंत्रालय ने भी बयान जारी कर कहा कि नेपाल भारत का पुराना साझेदार रहा है और दोनों देशों के बीच सहयोग जारी रहेगा।

कार्की का शपथग्रहण उस समय हुआ जब ओली सरकार के खिलाफ जन-आंदोलन ने हिंसक रूप ले लिया था। सोशल मीडिया बैन से शुरू हुआ यह आंदोलन भ्रष्टाचार और असंतोष के खिलाफ बड़े विद्रोह में बदल गया। भारी पुलिस कार्रवाई और हिंसा में अब तक 50 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। ऐसे हालात में कार्की के नेतृत्व से नेपाल की आंतरिक स्थिरता और भारत-नेपाल संबंधों पर गहरी निगाहें टिकी हुई हैं।