मानहानि केस में कंगना रनौत को सुप्रीम कोर्ट से झटका

बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत को मानहानि केस में सुप्रीम कोर्ट से बड़ा झटका लगा है। शुक्रवार को सर्वोच्च अदालत ने उनकी उस याचिका पर सुनवाई से इनकार कर दिया, जिसमें उन्होंने किसान आंदोलन से जुड़े अपने ट्वीट को लेकर दर्ज मामले को रद्द करने की मांग की थी। अदालत ने साफ कहा कि यह सामान्य रीट्वीट का मामला नहीं है, बल्कि इसमें कंगना ने “मसाला डाल दिया”।

दरअसल, जनवरी 2021 में पंजाब की महिला किसान महिंदर कौर ने बठिंडा में कंगना के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप लगाया गया था कि कंगना ने उन्हें शाहीन बाग आंदोलन से जोड़ते हुए गलत टिप्पणी की थी। इस मामले में पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट ने पहले ही कंगना की याचिका खारिज कर दी थी, जिसके बाद वह सुप्रीम कोर्ट पहुंची थीं।

सुनवाई के दौरान जस्टिस विक्रम नाथ और जस्टिस संदीप मेहता की बेंच ने कहा कि कंगना अपनी सफाई निचली अदालत में पेश करें। कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि स्पष्टीकरण भर से मामला रद्द नहीं किया जा सकता। अंततः कंगना की वकील ने अदालत के सुझाव पर याचिका वापस ले ली। अब यह केस ट्रायल कोर्ट में ही तय होगा कि शिकायत टिकेगी या खारिज होगी।