कुलदीप यादव नंबर 1, हर्षित राणा ने बुमराह को दी दूसरी रैंक

दिल्ली प्रीमियर लीग में खेले जा रहे एक मजेदार ब्लाइंड रैंकिंग गेम में भारतीय तेज गेंदबाज हर्षित राणा ने चौंकाने वाला फैसला सुनाया। अक्सर तीनों फॉर्मेट में टीम इंडिया के सबसे भरोसेमंद गेंदबाज माने जाने वाले जसप्रीत बुमराह को हर्षित ने नंबर 1 पर नहीं रखा। इसके बजाय उन्होंने कुलदीप यादव को शीर्ष स्थान दिया और बुमराह को दूसरे स्थान पर रखा। यह वीडियो लीग के आधिकारिक इंस्टाग्राम पेज पर साझा होते ही तेजी से वायरल हो गया।

इस खेल के दौरान एंकर शेफाली बग्गा ने हर्षित से भारतीय गेंदबाजों को बिना देखे रैंक देने के लिए कहा। पहले ही नाम में जब बुमराह सामने आए तो राणा ने उन्हें नंबर 2 पर रख दिया। बाद में उन्होंने अर्शदीप सिंह को तीसरा और प्रसिद्ध कृष्णा को पांचवां स्थान दिया। वहीं, साथी खिलाड़ी वरुण चक्रवर्ती को उन्होंने छठे पायदान पर रखा। हर्षित ने मजाकिया अंदाज में कुलदीप यादव को नंबर 1 घोषित करते हुए कहा, “कुलदीप भाई, अब आपसे कुछ लूंगा, आपको नंबर 1 बना दिया है।”

गौरतलब है कि 23 वर्षीय हर्षित राणा एशिया कप 2025 के लिए भारतीय स्क्वाड का हिस्सा हैं। उनकी टीम में एंट्री को लेकर काफी बहस भी हुई थी, क्योंकि कई पूर्व क्रिकेटरों ने प्रसिद्ध कृष्णा को ज्यादा उपयुक्त विकल्प बताया था। फिलहाल वह दिल्ली प्रीमियर लीग में नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स की कप्तानी कर रहे हैं और 11 विकेट लेकर शानदार फॉर्म में हैं। अब क्रिकेट जगत की नजर इस बात पर टिकी है कि क्या राणा एशिया कप में भी अपनी छाप छोड़ पाएंगे।