अफगानिस्तान ने इरफान पठान को दिया जवाब, अटल की धमाकेदार पारी

एशिया कप 2025 की शुरुआत अफगानिस्तान टीम के लिए बेहतरीन रही। हॉन्ग कॉन्ग के खिलाफ खेले गए पहले मैच में उसने 94 रनों से जीत दर्ज कर आलोचकों को करारा जवाब दिया। खासकर सेदिकुल्लाह अटल और अजमतुल्लाह उमरजई की शानदार पारियों ने टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।

इससे पहले, ट्राई सीरीज फाइनल में पाकिस्तान के हाथों मिली करारी हार के बाद अफगानिस्तान की बल्लेबाजी को लेकर सवाल उठे थे। टीम इंडिया के पूर्व ऑलराउंडर इरफान पठान ने भी सोशल मीडिया पर लिखा था कि अफगानिस्तान बिना एक बल्लेबाज के खेल रहा है। हालांकि, हॉन्ग कॉन्ग के खिलाफ अटल ने 73* रन और उमरजई ने 53 रन बनाकर उस बयान को गलत साबित कर दिया।

मैच के बाद इरफान पठान ने खुद भी अटल की तारीफ करते हुए कहा कि शुरुआती करियर में ही उन्होंने बड़ा प्रभाव डाला है और भविष्य में वह अफगानिस्तान क्रिकेट के अहम खिलाड़ी बन सकते हैं। अटल पहले भी 2023 काबुल प्रीमियर लीग में एक ओवर में 7 छक्के जड़कर रिकॉर्ड बना चुके हैं। उनकी यह पारी एक बार फिर अफगान क्रिकेट को मजबूती देने वाली साबित हुई।