पंजाब बाढ़: सलमान खान ने बढ़ाया मदद का हाथ
पंजाब में बाढ़ की स्थिति लगातार गंभीर बनी हुई है। भारी बारिश और नदियों के उफान से कई जिले अब भी जलमग्न हैं। इस बीच, बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान की ‘बीइंग ह्यूमन’ फाउंडेशन ने राहत कार्य में कदम बढ़ाया है। संगठन ने पांच नावें भेजी हैं, जिनमें से तीन नावों का इस्तेमाल लोगों को निकालने और जरूरी सामान पहुंचाने में किया जा रहा है। बाकी दो नावें प्रशासन को सौंपी गई हैं।
पंजाब पर्यटन बोर्ड के चेयरमैन दीपक बाली ने बताया कि सलमान खान की फाउंडेशन केवल नावें भेजकर नहीं रुकी, बल्कि हुसैनिवाला क्षेत्र के कुछ बाढ़ प्रभावित गांवों को गोद लेने की भी योजना बनाई है। इससे लंबे समय तक वहां राहत और पुनर्वास का काम संभव होगा।
रविवार को ‘बिग बॉस 19’ के दौरान सलमान खान ने कहा, “हम अपनी क्षमता के अनुसार मदद कर रहे हैं। राहत कोष में योगदान भी दिया गया है।” उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि पंजाब के कई लोकप्रिय गायक भी मतभेद भुलाकर राहत प्रयासों में शामिल हुए हैं। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, अब तक बाढ़ से 51 लोगों की मौत हो चुकी है और हजारों लोग राहत शिविरों में शरण लिए हुए हैं।
