भारत की पहली पारी लड़खड़ाई, न्यूजीलैंड से 240 रन पीछे

न्यूजीलैंड के खिलाफ जारी टेस्ट मुकाबले में भारतीय टीम की पहली पारी लड़खड़ा गई है। न्यूजीलैंड ने अपनी पहली पारी में 356 रन बनाए, जिसके जवाब में भारतीय टीम दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक 116 रनों पर अपने 6 विकेट गंवा चुकी है। भारत अभी भी कीवी टीम से 240 रन पीछे है और ध्रुव जुरेल 7 रन बनाकर क्रीज पर डटे हुए हैं।
भारतीय पारी की शुरुआत बेहद खराब रही और पहले ही ओवर में यशस्वी जायसवाल बिना खाता खोले आउट हो गए। इसके बाद देवदत्त पडिक्कल (21), शुभमन गिल (17), ऋषभ पंत (23), केएल राहुल (25) और वॉशिंगटन सुंदर (10) भी बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे। न्यूजीलैंड के लिए जैकब डफी और काइल जेमिसन ने गेंदबाजी में प्रभावी प्रदर्शन किया।
इससे पहले न्यूजीलैंड की पहली पारी 356 रनों पर सिमटी। कीवी टीम के लिए टॉम ब्लंडेल ने सर्वाधिक 89 रन बनाए, जबकि कप्तान टॉम लैथम ने 59 रनों का योगदान दिया। भारत की ओर से तेज गेंदबाज आकाश दीप ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 99 रन देकर 5 विकेट झटके। अंशुल कम्बोज और गुरनूर बरार को 2-2 सफलताएं मिलीं, जबकि वॉशिंगटन सुंदर ने एक विकेट हासिल किया।
