राम मंदिर दान चोरी मामले में कांग्रेस ने की सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में जांच की मांग

कांग्रेस ने अयोध्या स्थित राम मंदिर में दान की गई राशि और कीमती सामानों के गबन व चोरी के आरोपों पर गंभीर सवाल उठाए हैं। पार्टी ने आरोप लगाया है कि मंदिर ट्रस्ट ने दान के लिए कोई पारदर्शी प्रणाली स्थापित नहीं की, जिसके कारण यह चोरी संभव हुई। कांग्रेस का कहना है कि ट्रस्ट के पदाधिकारी केवल निचले स्तर के कर्मचारियों पर कार्रवाई कर अपनी जवाबदेही से नहीं बच सकते।
विपक्षी दल ने मांग की है कि इस पूरे मामले की जांच सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में एक स्वतंत्र एजेंसी या विशेष जांच दल (एसआईटी) द्वारा कराई जानी चाहिए। कांग्रेस ने जोर दिया है कि जांच का दायरा ट्रस्ट के सभी जिम्मेदार पदाधिकारियों तक होना चाहिए और भगवान राम के नाम पर प्राप्त दान का पूरा हिसाब सार्वजनिक किया जाना चाहिए।
गौरतलब है कि राम मंदिर में दान की चोरी के मामले में राज्य सरकार द्वारा गठित एसआईटी की रिपोर्ट के बाद 25 जून को प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इस मामले में अब तक आठ लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। कांग्रेस ने आरोप पत्र पर सवाल उठाते हुए कहा है कि इसका उद्देश्य प्रमुख हस्तियों को बचाना और महत्वपूर्ण सवालों को दरकिनार करना हो सकता है।
