राम मंदिर दान चोरी मामले में कांग्रेस ने की सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में जांच की मांग

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने राम मंदिर में दान की चोरी के मामले को लेकर भाजपा, आरएसएस और वीएचपी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि राम मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने देश की आस्था के साथ धोखा किया है। रमेश ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री, गृह मंत्री और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री की तिकड़ी ने इस मामले में शामिल लोगों को बचाने और उनके कार्यों पर पर्दा डालने का काम किया है।
कांग्रेस ने सवाल उठाया है कि जब ट्रस्ट ने पहले ही शिरडी और तिरुपति जैसे प्रमुख मंदिरों की दान प्रबंधन प्रणालियों का अध्ययन किया था, तो अयोध्या में पारदर्शी व्यवस्था क्यों नहीं लागू की गई। पार्टी का कहना है कि दान की गिनती, सुरक्षा और बैंकिंग के लिए कोई जवाबदेही तय नहीं की गई, जिससे चढ़ावे की चोरी को बढ़ावा मिला। ट्रस्ट के शीर्ष पदाधिकारी केवल निचले स्तर के कर्मचारियों को बलि का बकरा बनाकर अपनी जिम्मेदारी से नहीं बच सकते।
विपक्षी दल ने इस मामले में सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में एक स्वतंत्र जांच की मांग की है। कांग्रेस का कहना है कि जांच के दायरे में ट्रस्ट और सभी जिम्मेदार पदाधिकारियों को शामिल किया जाना चाहिए। साथ ही, भगवान राम के नाम पर दान की गई पूरी धनराशि का हिसाब सार्वजनिक करने की मांग की गई है। गौरतलब है कि राम मंदिर में नकदी और कीमती सामानों के गबन के आरोपों के बाद आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
