अनिल अंबानी-राणा कपूर पर CBI का शिकंजा, कोर्ट में चार्जशीट
सीबीआई ने अनिल अंबानी और यस बैंक के पूर्व सीईओ राणा कपूर के खिलाफ अपनी जांच का अहम चरण पूरा कर लिया है। गुरुवार को एजेंसी ने विशेष अदालत में चार्जशीट दाखिल की, जिसमें आरोप लगाया गया है कि दोनों से जुड़ी कंपनियों ने फर्जी लेन-देन के जरिए करोड़ों रुपये का गबन किया। इस मामले में राणा कपूर की पत्नी बिंदु कपूर और उनकी बेटियों राधा व रोशनी कपूर के नाम भी शामिल हैं।
जांच रिपोर्ट के मुताबिक, साल 2017 में यस बैंक ने रिलायंस कॉमर्शियल फाइनेंस और रिलायंस होम फाइनेंस में करीब 5,000 करोड़ रुपये का निवेश किया था। CARE Ratings की चेतावनी के बावजूद राणा कपूर ने यह निवेश कराया। बाद में यह धनराशि कई कंपनियों के जरिए बाहर निकाली गई। सीबीआई का कहना है कि इस खेल से बैंक को 2,796 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ, जबकि अंबानी समूह और कपूर परिवार को फायदा पहुंचा।
सीबीआई की चार्जशीट में भ्रष्टाचार निरोधक कानून और भारतीय दंड संहिता की धाराओं के तहत गंभीर आरोप दर्ज किए गए हैं। कानूनी विशेषज्ञ मानते हैं कि यह चार्जशीट सिर्फ शुरुआत है और आने वाले दिनों में अनिल अंबानी और कपूर परिवार पर बड़ा एक्शन हो सकता है। मामले की अगली सुनवाई में अदालत रुख साफ कर सकती है कि यह वित्तीय घोटाला किस दिशा में जाएगा।
