आपकी सीएम का संकल्प: न रुकेगी, न डरेगी
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर जनसुनवाई के दौरान हुए हमले के बाद पहली बार उन्होंने गांधीनगर में सार्वजनिक कार्यक्रम में भाग लिया। भीड़ से उत्साहजनक स्वागत के बीच उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया कि, “आपकी सीएम न डरेगी, न रुकेगी।” इस मौके पर उन्होंने यमुनापार के विकास को लेकर बड़े ऐलान किए।
सीएम ने अरविंदर सिंह लवली को यमुनापार विकास बोर्ड का चेयरमैन नियुक्त करते हुए कहा कि अब पूरा जिम्मा उनके कंधों पर रहेगा। इसके साथ ही उन्होंने भरोसा दिलाया कि बजट को लेकर किसी भी तरह की बाधा नहीं होगी। गुप्ता ने कहा, “लवली और हर्ष मल्होत्रा बताएंगे कि कितना बजट चाहिए, मैं तुरंत सैंक्शन करूंगी।” उन्होंने यमुनापार के परिवहन और आधारभूत संरचना सुधारों को भी विस्तार से गिनाया।
गुप्ता ने यमुना नदी की सफाई को लेकर भी संकल्प दोहराया और कहा कि समय के साथ अविरल और स्वच्छ यमुना का सपना पूरा होगा। उन्होंने गांधी नगर की रेडीमेड परिधान मार्केट को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने का भी आह्वान किया। विपक्ष पर निशाना साधते हुए सीएम ने कहा कि दिल्ली को आगे बढ़ाने के लिए विजन और नीतिगत फैसलों की आवश्यकता है, और उनकी सरकार इसके लिए समर्पित है।
