लाल किले से सोने-हीरे का बेशकीमती कलश चोरी

नई दिल्ली। राजधानी के ऐतिहासिक लाल किले से एक करोड़ रुपये मूल्य का सोने, हीरे, माणिक्य और पन्ना से जड़ा कलश चोरी होने की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यह घटना 2 सितंबर को उस समय हुई, जब जैन समुदाय का धार्मिक अनुष्ठान चल रहा था और कार्यक्रम में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला भी मौजूद थे। पुलिस के मुताबिक व्यापारी सुधीर जैन प्रतिदिन पूजा के लिए इस कलश को लाते थे और उसी दौरान यह मंच से गायब हो गया।

पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में संदिग्ध की गतिविधियां दर्ज हुई हैं और उसकी पहचान कर ली गई है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही गिरफ्तारी हो सकती है। जैन समाज का यह धार्मिक कार्यक्रम 15 अगस्त से लाल किले के पार्क में आयोजित हो रहा है और 9 सितंबर तक जारी रहेगा। इस बीच इतनी बड़ी चोरी होने से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।

जानकारी के अनुसार चोरी हुआ कलश 760 ग्राम सोने से बना था और उस पर 150 ग्राम हीरे, माणिक्य और पन्ना जड़े हुए थे। अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ रुपये बताई गई है। इससे पहले भी लाल किले की सुरक्षा पर सवाल उठ चुके हैं। 2 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों के दौरान सुरक्षा जांच में पुलिसकर्मी नकली बम का पता लगाने में नाकाम रहे थे। अब इस चोरी की घटना ने सुरक्षा चूक की चिंताओं को और गहरा कर दिया है।