अफगानिस्तान में भूकंप पीड़ितों को भारत भेजेगा राहत

अफगानिस्तान में सोमवार सुबह मजार-ए-शरीफ में आए 6.3 तीव्रता वाले भूकंप ने एक बार फिर तबाही मचा दी। अब तक 10 लोगों की मौत और 250 से अधिक घायल होने की खबर है। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वे के अनुसार, भूकंप का केंद्र पृथ्वी की सतह से लगभग 28 किलोमीटर नीचे था। यह तीन महीनों में देश में चौथी बार आया बड़ा झटका है, जिसने बख़, सामंगन और बाघलान प्रांतों को बुरी तरह प्रभावित किया है।

भारत ने इस मानवीय संकट पर त्वरित प्रतिक्रिया दी है। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने सोमवार को अफगान विदेश मंत्री आमिर खान मुत्ताकी से बात कर संवेदना व्यक्त की और तत्काल राहत भेजने की घोषणा की। जयशंकर ने बताया कि भारत ने आवश्यक राहत सामग्री अफगानिस्तान को सौंप दी है और जल्द ही दवाइयों की एक खेप भी भेजी जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों और जनता-से-जनता संपर्क को मजबूत करने पर भी चर्चा हुई।

स्थानीय प्रशासन और सेना ने बचाव कार्य शुरू कर दिया है। अस्पतालों को सतर्क कर दिया गया है, जबकि अधिकारियों को आशंका है कि आफ्टरशॉक्स से नुकसान और बढ़ सकता है। हाल के महीनों में बार-बार आने वाले भूकंपों ने अफगानिस्तान को गहरे संकट में डाल दिया है। भारत की इस सहायता को मानवीय सहयोग की मिसाल माना जा रहा है।