पीएम मोदी ने धार से शुरू किया आदि कर्मयोगी अभियान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को अपने 75वें जन्मदिन पर मध्य प्रदेश के धार जिले से आदि कर्मयोगी अभियान की शुरुआत की। यह पहल आदिवासी समाज के लिए दुनिया का सबसे बड़ा नेतृत्व कार्यक्रम मानी जा रही है। इसके तहत 30 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के करीब 1 लाख गांवों में रहने वाले 11 करोड़ आदिवासी नागरिकों को जोड़ा जाएगा।

कार्यक्रम के उद्घाटन के मौके पर प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यह अभियान आदिवासी समुदायों को सीधे सरकारी योजनाओं से जोड़ने का पुल बनेगा। उन्होंने बताया कि प्रत्येक गांव में आदि सेवा केंद्र स्थापित किए जाएंगे, जहां नागरिक साप्ताहिक एक घंटे की स्वैच्छिक सेवा देंगे। केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुआल ओराम ने इसे “सशक्तिकरण का आंदोलन” करार देते हुए कहा कि गांव-गांव में विजन 2030 तैयार किया जाएगा, जो विकसित भारत 2047 की नींव बनेगा।

इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने “स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान” और राष्ट्रीय पोषण माह का भी शुभारंभ किया। इन अभियानों के तहत देशभर में महिलाओं के स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे, जहां निःशुल्क इलाज और परामर्श उपलब्ध कराया जाएगा। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव भी इस मौके पर उपस्थित रहे और उन्होंने इसे आदिवासी समाज की प्रगति की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया।