परिसीमन विधेयक पर कांग्रेस का एनसीपी-एसपी पर हमला, शरद पवार पर साधा निशाना

महाराष्ट्र कांग्रेस ने परिसीमन विधेयक के मुद्दे पर एनसीपी (शरदचंद्र पवार) पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस ने शरद पवार और सुप्रिया सुले को याद दिलाया कि इस साल की शुरुआत में राज्यसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस ने अपना दावा छोड़कर शरद पवार का समर्थन किया था। कांग्रेस विधायक दल के नेता विजय वडेट्टीवार ने एनसीपी को सत्ता की भूखी बताते हुए शरद पवार पर पीठ में छुरा घोंपने का इतिहास होने का आरोप लगाया है।
कांग्रेस की राज्य इकाई ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि जब शरद पवार को राज्यसभा भेजने की बात आई, तो कांग्रेस उनके साथ मजबूती से खड़ी रही। उस समय एनसीपी के पास पर्याप्त विधायक नहीं थे, जिसके बाद कांग्रेस और शिवसेना (यूबीटी) ने मिलकर उन्हें समर्थन दिया था। पार्टी का दावा है कि सुप्रिया सुले ने खुद राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे से संपर्क कर समर्थन मांगा था, जिसे कांग्रेस ने बिना किसी हिचकिचाहट के स्वीकार कर लिया था।
कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि अब वही शरद पवार और सुप्रिया सुले परिसीमन विधेयक के मामले में भाजपा सरकार का समर्थन करने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। वडेट्टीवार ने कहा कि पवार की कोई ठोस विचारधारा नहीं है और लोकतंत्र को नुकसान पहुंचाने वालों के इतिहास में उनका नाम भी दर्ज होगा। कांग्रेस ने इस पूरे घटनाक्रम को दुर्भाग्यपूर्ण और गलत करार दिया है।
