सुपरमार्केट के डीप फ्रीजर बने नया निशाना! फ्रांस में साइबर हमले से मचा हड़कंप, चिंता में विशेषज्ञ

आधुनिक युद्ध और तकनीक के दौर में साइबर खतरों का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है। फ्रांस से सामने आई एक चौंकाने वाली घटना ने दुनिया भर के सुरक्षा विशेषज्ञों को चिंता में डाल दिया है। दावा किया जा रहा है कि इस बार हैकरों ने किसी बैंक, रेलवे सिग्नल या बिजली ग्रिड को नहीं, बल्कि सीधे तौर पर सुपरमार्केट के रेफ्रीजरेटर और फ्रीजर सिस्टम को अपनी गिरफ्त में ले लिया है। इस अनोखे और खतरनाक साइबर हमले ने डिजिटल सुरक्षा को लेकर एक नया संकट खड़ा कर दिया है।
रिपोर्ट के मुताबिक, फ्रांस के लगभग साढ़े तीन सौ से चार सौ सुपरमार्केट इस घातक साइबर हमले की चपेट में आ गए। आधुनिक सुपरमार्केटों में बड़े रेफ्रीजरेशन सिस्टम इंटरनेट से जुड़े होते हैं ताकि तकनीकी सहायता दूर से ली जा सके। आरोप है कि हैकरों ने इन प्रणालियों में सेंध लगाकर नियंत्रण अपने हाथ में ले लिया और दूर से ही तापमान को पचास डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक बढ़ा दिया। दुकान बंद होने के दौरान लगभग छह घंटे तक यह प्रक्रिया चली, जिससे मांस, मछली, फल, सब्जी और दूध जैसे लाखों टन सड़ने वाले खाद्य पदार्थ पूरी तरह खराब हो गए। कई जगहों पर मामूली आग लगने की घटनाएं भी सामने आईं।
सबसे बड़ी चिंता की बात यह रही कि हैकरों ने सुरक्षा के लिए लगे तापमान चेतावनी अलार्म को भी पहले ही बंद कर दिया था, जिससे कर्मचारी समय रहते कोई कदम नहीं उठा सके। इस घटना के बाद फ्रांस के प्रधानमंत्री ने तुरंत उच्चस्तरीय जांच के आदेश दे दिए हैं। अभी तक किसी भी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है, लेकिन इस घटना ने यह साबित कर दिया है कि इंटरनेट से जुड़ी आधुनिक मशीनें कितनी संवेदनशील और असुरक्षित हो सकती हैं।
