दिल्ली में फिर बड़ा हादसा! भरभराकर गिरी दो मंजिला निर्माणाधीन इमारत, पिता-पुत्र की दर्दनाक मौत!

दिल्ली में फिर बड़ा हादसा! भरभराकर गिरी दो मंजिला निर्माणाधीन इमारत, पिता-पुत्र की दर्दनाक मौत!

देश की राजधानी दिल्ली में एक बार फिर बहुमंजिला और निर्माणाधीन इमारतों की सुरक्षा पर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। रविवार शाम उत्तर-पूर्वी दिल्ली के हर्ष विहार थाना क्षेत्र अंतर्गत मिलन गार्डन इलाके में एक निर्माणाधीन इमारत ताश के पत्तों की तरह ढह गई। इस दर्दनाक हादसे में मलबे के नीचे दबकर पिता और पुत्र की मौत हो गई। मृतकों की पहचान 60 वर्षीय चंदरपाल और उनके 33 वर्षीय बेटे विजय कुमार के रूप में हुई है। मलबे में फंसे दोनों लोगों को कड़ी मशक्कत के बाद निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मिली जानकारी के अनुसार, यह इमारत मनोज कुमार नाम के व्यक्ति की है। मूल रूप से यह एक पुरानी एक मंजिला इमारत थी, जिसके निचले हिस्से में गोदाम बना हुआ था। इसके ऊपर अवैध रूप से एक और मंजिल का निर्माण कराया जा रहा था। रविवार शाम करीब 6:46 बजे अचानक पूरी इमारत भरभराकर गिर गई। सूचना मिलते ही दिल्ली फायर सर्विस की 5 गाड़ियां, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF), स्थानीय पुलिस और सिविल डिफेंस की टीमें मौके पर पहुंचीं। करीब 14 घंटे तक चले लंबे और कठिन राहत एवं बचाव कार्य के बाद मलबे को हटाया जा सका। इससे पहले भी साउथ कैंपस के सत्य निकेतन इलाके में एक इमारत गिरने से 7 लोगों की जान चली गई थी।

स्थानीय निवासियों और दिल्ली सरकार के मंत्रियों के अनुसार, हादसे की मुख्य वजह पुरानी कमजोर छत पर नया कंक्रीट का लेंटर डाला जाना था। नीचे की पुरानी स्लैब कमजोर होने के कारण नए लेंटर का भार सहन नहीं कर सकी और सीधे नीचे आ गिरी, जिससे वहां काम कर रहे या मौजूद पिता-पुत्र उसके नीचे दब गए। दिल्ली के मंत्री कपिल मिश्रा और आशीष सूद ने मौके का मुआयना कर बचाव कार्यों का जायजा लिया और घटना की गहन जांच के आदेश दिए हैं। इस हृदय विदारक घटना के बाद से पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *