ट्रंप टैरिफ से भारतीय फार्मा सेक्टर में 74 हजार करोड़ की गिरावट

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नए टैरिफ फैसले ने भारतीय फार्मा सेक्टर को हिला दिया है। गुरुवार को ट्रंप ने घोषणा की कि 1 अक्टूबर से अमेरिका में आयात होने वाली सभी ब्रांडेड और पेटेंटेड दवाओं पर 100 फीसदी टैरिफ लगाया जाएगा। इस ऐलान के बाद शुक्रवार सुबह भारतीय शेयर बाजार खुलते ही फार्मा इंडेक्स 2 फीसदी से अधिक टूट गया और 112 दवा कंपनियों के शेयर लाल निशान में आ गए।

बाजार विशेषज्ञों के मुताबिक, इस झटके से अकेले एक दिन में फार्मा सेक्टर की कुल वैल्यूएशन में 74,000 करोड़ रुपए से ज्यादा की कमी आई। सन फार्मा, डॉ. रेड्डीज, सिपला और डिविस लैब जैसी प्रमुख कंपनियों के शेयरों में 3 से 5 फीसदी तक की गिरावट दर्ज की गई। निफ्टी फार्मा इंडेक्स 2.42 फीसदी टूटकर 21,445.50 पर पहुंचा, जबकि बीएसई हेल्थकेयर इंडेक्स 2.51 फीसदी गिरकर 42,882.11 पर बंद हुआ।

हालांकि टैरिफ जेनेरिक दवाओं पर लागू नहीं होगा, लेकिन विश्लेषकों का कहना है कि अमेरिकी बाजार पर निर्भर बड़ी भारतीय फार्मा कंपनियों की कमाई पर दबाव बढ़ सकता है। इंडियन फार्मा एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल के अनुसार, वित्त वर्ष 2025 में अमेरिका भारत के कुल दवा निर्यात का 34 फीसदी हिस्सा रहा है। ऐसे में ट्रंप का यह कदम न सिर्फ कंपनियों की बैलेंस शीट, बल्कि निवेशकों के विश्वास पर भी असर डाल सकता है।