बिहार में महिला रोजगार योजना से 75 लाख को सहारा
बिहार में महिलाओं के लिए बड़ी पहल की गई है। मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने की, जिसके तहत 75 लाख महिलाओं को 10-10 हजार रुपये की राशि सीधे खाते में भेजी गई। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने विभिन्न जिलों की महिलाओं से संवाद किया। भोजपुर की रीता देवी ने कहा, “2015 में मैंने छोटे पोल्ट्री व्यवसाय से शुरुआत की थी। अब ₹10,000 की मदद से और मुर्गियां खरीदूंगी, जिससे सर्दियों में अंडों की बढ़ती मांग पूरी कर सकूं।”
रीता देवी ने बताया कि सरकारी योजनाओं ने उनकी जिंदगी पूरी तरह बदल दी है। प्रधानमंत्री आवास योजना से पक्का घर और शौचालय मिला, आयुष्मान भारत से इलाज संभव हुआ और उज्ज्वला गैस से धुएं से छुटकारा मिला। उन्होंने कहा, “आज हम साफ पानी पीते हैं, मुफ्त बिजली मिलती है और बच्चों के भविष्य में निवेश कर पा रहे हैं। यह बिल्कुल नई जिंदगी जैसा है।”
पश्चिम चंपारण की रंजीता काजी ने उज्ज्वला योजना को अपने जीवन में सबसे बड़ी राहत बताया। वहीं, पूर्णिया की पुतुल देवी, जो मिठाई की दुकान चलाती हैं, ने कहा कि रोजगार योजना उनके लिए सपनों तक पहुंचने का पुल है। सभी अनुभव सुनने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने महिलाओं से अपील की कि वे अपने गांवों में जाकर दूसरों को भी सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करें।
