रश्मिका मंदाना ने दीपिका के ‘ओवरटाइम’ बयान का किया समर्थन
बॉलीवुड में काम के घंटे और सुविधाओं को लेकर जारी चर्चा अब एक नए मोड़ पर पहुंची है। दीपिका पादुकोण द्वारा शूटिंग के लिए आठ घंटे की सीमा तय करने के बाद, इंडस्ट्री में इस पर कई प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं। अब दक्षिण भारतीय अभिनेत्री रश्मिका मंदाना ने भी इस मुद्दे पर अपनी स्पष्ट राय रखी है।
हाल ही में एक इंटरव्यू में रश्मिका ने कहा कि ओवरटाइम को अक्सर “समर्पण” का प्रतीक माना जाता है, लेकिन यह सही नहीं है। उन्होंने कहा, “हम ओवरटाइम को महिमामंडित करते हैं, जबकि यह गलत है। मैं खुद कई बार अतिरिक्त घंटे काम करती हूं क्योंकि अपनी टीम को ‘ना’ कहना मुश्किल होता है, लेकिन इससे पूरी टीम पर असर पड़ता है। हर क्षेत्र की तरह अभिनय में भी सीमित कार्य समय होना चाहिए।”
रश्मिका की यह टिप्पणी उस वक्त आई है जब दीपिका के आठ घंटे के शूटिंग शिफ्ट नियम को लेकर इंडस्ट्री में खुलकर समर्थन और आलोचना दोनों हो रही है। इससे पहले नवाज़ुद्दीन सिद्दीकी और कोंकणा सेन शर्मा जैसे कलाकारों ने भी इस नियम की सराहना की थी। रश्मिका का बयान यह संकेत देता है कि फिल्म उद्योग में भी कार्य संतुलन पर गंभीर चर्चा का समय आ गया है।
