आमिर खान का ‘लाल सिंह चड्ढा’ पर कबूलनामा: ओवरकॉन्फिडेंस बना नुकसान की वजह
बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान ने हाल ही में अपनी फिल्म लाल सिंह चड्ढा की असफलता पर खुलकर बात की। कोमल नहाटा के यूट्यूब शो में उन्होंने स्वीकार किया कि लगातार हिट देने के बाद वे फिल्म को लेकर बेहद आत्मविश्वासी हो गए थे। यही ओवरकॉन्फिडेंस उनकी सबसे बड़ी गलती साबित हुआ। करीना कपूर खान के साथ बनी इस फिल्म को दर्शकों ने उम्मीद के मुताबिक सराहा नहीं और यह बॉक्स ऑफिस पर औंधे मुंह गिर गई।
आमिर ने बताया कि फिल्म का मूल बजट 80 करोड़ तय था, लेकिन महामारी और शूटिंग में आई दिक्कतों के कारण लागत बढ़कर करीब 200 करोड़ तक पहुंच गई। उनका मानना था कि फिल्म आसानी से 100-120 करोड़ का बिजनेस कर लेगी और नुकसान से बच जाएगी। हालांकि, हकीकत इससे बिल्कुल उलट निकली। भारत में सिर्फ 11 करोड़ की ओपनिंग करने वाली लाल सिंह चड्ढा ने वर्ल्डवाइड महज 133.5 करोड़ की कमाई की और इसे डिजास्टर घोषित कर दिया गया।
गौरतलब है कि ठग्स ऑफ हिंदोस्तान (2018) और लाल सिंह चड्ढा (2022) के लगातार फ्लॉप होने से आमिर खान के करियर को बड़ा झटका लगा था। हालांकि, इस साल आई उनकी फिल्म सितारे जमीन पर ने 266 करोड़ का वर्ल्डवाइड बिजनेस कर एक बार फिर उन्हें राहत दी। साथ ही, रजनीकांत की कुली में उनके कैमियो रोल को भी दर्शकों ने पसंद किया।
