दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी का हल्ला बोल! शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग पर जंतर-मंतर कूच की तैयारी

दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी का हल्ला बोल! शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग पर जंतर-मंतर कूच की तैयारी

सोशल मीडिया पर एक व्यंग्यात्मक राजनीतिक दल के रूप में शुरुआत करने वाली ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) अब देश के एक बड़े डिजिटल आंदोलन का रूप ले चुकी है। एआई और जैज़-रैप लिरिक्स के जरिए सोशल मीडिया पर तहलका मचाने के बाद, आज यह पार्टी दिल्ली की सड़कों पर उतरकर अपना कड़ा विरोध दर्ज करा रही है। देश की शिक्षा व्यवस्था में हालिया बड़ी खामियों को लेकर पार्टी ने सीधे तौर पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाई है।

पार्लियामेंट स्ट्रीट पर जमावड़ा और संस्थापक की वापसी

पार्टी की ओर से सभी समर्थकों को आज सुबह 9 बजे पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन के पास इकट्ठा होने का आह्वान किया गया है। वहां से औपचारिक अनुमति मिलने के बाद ही सभी प्रदर्शनकारी जंतर-मंतर की ओर बढ़ेंगे। इस बीच, सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके अमेरिका से रवाना होकर आज सुबह 8 बजे दिल्ली एयरपोर्ट पहुंच गए। शुरुआत में समर्थकों को सीधे एयरपोर्ट पहुंचने के लिए कहा गया था, लेकिन सुरक्षा कारणों के चलते अंतिम समय में योजना बदलकर सभी को पुलिस स्टेशन के पास जुटने का निर्देश दिया गया।

शांतिपूर्ण प्रदर्शन के लिए खास निर्देश

पार्टी इस आंदोलन को पूरी तरह से शांतिपूर्ण रखना चाहती है। शिक्षा व्यवस्था में सुधार का मजबूत संदेश देने के लिए सभी प्रदर्शनकारियों से अपने साथ राष्ट्रीय ध्वज और एक किताब लाने की अपील की गई है। इसके अलावा, आंदोलन में शामिल होने वाले लोगों को अपने फोन से वीडियो रिकॉर्ड करने, पुलिसकर्मियों को सम्मानपूर्वक फूल देने और घर से नाश्ता करके ही आने की स्पष्ट सलाह दी गई है।

दिल्ली पुलिस हाई अलर्ट पर

दूसरी ओर, दिल्ली पुलिस का कहना है कि सीजेपी की ओर से इस प्रदर्शन के लिए अभी तक कोई आधिकारिक अनुमति नहीं मांगी गई है। हालांकि, स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जंतर-मंतर और आसपास के महत्वपूर्ण इलाकों में एक हजार से अधिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। पुलिस के आला अधिकारियों ने कल ही एक बैठक कर हालात का जायजा लिया था। यदि औपचारिक अनुमति का आवेदन आता है तो उस पर विचार किया जाएगा, लेकिन फिलहाल पूरी स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है।