रणबीर कपूर की फिल्म टली, आमिर खान ने हिरानी संग मारी बाजी
बॉलीवुड के स्टार रणबीर कपूर को बड़ा झटका लगा है। राजकुमार हिरानी के साथ उनकी अगली फिल्म अब 2027 तक के लिए टल गई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह फिल्म एक बायोपिक पर आधारित है, जिस पर रणबीर और हिरानी करीब एक साल से काम कर रहे थे। लेकिन रणबीर इस वक्त संजय लीला भंसाली की लव एंड वॉर में व्यस्त हैं, जिसके चलते हिरानी ने प्रोजेक्ट को फिलहाल रोकने का फैसला किया है।
संजू के बाद रणबीर और हिरानी की जोड़ी को फिर देखने की उम्मीदें काफी बढ़ी थीं। दोनों ने इस प्रोजेक्ट को लेकर कई मीटिंग्स कीं, मगर सूत्रों के अनुसार, डायरेक्टर नहीं चाहते कि जल्दबाज़ी में कोई समझौता हो। इसलिए उन्होंने फिल्म को आगे बढ़ा दिया है ताकि इसे बड़े पैमाने पर तैयार किया जा सके।
उधर, आमिर खान ने मौका भांपते हुए हिरानी के साथ अगली फिल्म के लिए हाथ मिला लिया है। बताया जा रहा है कि दोनों ‘दादासाहेब फाल्के’ पर आधारित एक नई फिल्म की तैयारी में हैं। दिसंबर में वर्कशॉप और जनवरी 2026 से शूटिंग शुरू होने की संभावना है। इस साझेदारी के बाद यह साफ है कि हिरानी फिलहाल आमिर खान पर फोकस कर रहे हैं, जबकि रणबीर कपूर को अपने अगले बड़े प्रोजेक्ट के लिए थोड़ा और इंतज़ार करना होगा।
