Google Data Breach Alert: हैकर्स ने मांगी 50 मिलियन डॉलर की फिरौती
टेक दिग्गज Google ने चेतावनी जारी की है कि Oracle की E-Business Suite पर बड़े पैमाने पर साइबर अटैक हुआ है। इस हमले में हैकर्स ने संवेदनशील कॉर्पोरेट डेटा चुरा लिया और कई कंपनियों के अधिकारियों को फिरौती की ईमेल भेजी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, हैकर्स ने इस डेटा के बदले 50 मिलियन डॉलर तक की मांग की है। Google के अनुसार, यह हमला 29 सितंबर से पहले शुरू हुआ था और अब तक सैकड़ों थर्ड-पार्टी अकाउंट्स से फिरौती की ईमेल भेजी जा चुकी हैं।
Reuters की रिपोर्ट बताती है कि Cl0p नामक साइबर ग्रुप ने Oracle E-Business Suite को निशाना बनाया, जो फाइनेंस और सप्लाई चेन जैसी अहम सेवाओं को सपोर्ट करता है। साइबरसिक्योरिटी फर्म Halcyon का कहना है कि Cl0p ग्रुप हाल के महीनों में सात से आठ अंकों की फिरौती की मांगों में शामिल रहा है। कुछ कंपनियों ने अपने सिस्टम हैक होने की पुष्टि की है, जबकि अन्य को सबूत के तौर पर स्क्रीनशॉट और फाइल लिस्टिंग भेजी गई हैं।
Google के Threat Intelligence Group ने पाया कि हैकर्स ने Oracle के डिफॉल्ट पासवर्ड-रीसेट सिस्टम का दुरुपयोग किया। विशेषज्ञों का मानना है कि हमलावरों ने किसी सॉफ्टवेयर खामी का फायदा उठाया। ईमेल में कई ग्रामर गलतियाँ और Cl0p के पुराने डार्क वेब ऑपरेशन्स से जुड़ी जानकारी मिली हैं। Oracle ने इस मामले पर अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।
