जुबीन गर्ग के लिए रोया असम, CM ने बताया वजह

असम के लोकप्रिय गायक जुबीन गर्ग (52) के निधन ने पूरे राज्य को गहरे शोक में डूबा दिया है। सिंगापुर में स्कूबा डाइविंग के दौरान हुए हादसे में उनकी मौत हो गई, जिसके बाद उनके पार्थिव शरीर को गुवाहाटी लाकर पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान लाखों लोग उन्हें अंतिम विदाई देने पहुंचे, जिससे लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में यह अंतिम संस्कार सबसे बड़े सार्वजनिक अंतिम संस्कारों में से एक के रूप में दर्ज हो गया।

मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने जुबीन की याद में सोशल मीडिया पर एक भावुक वीडियो साझा किया। उन्होंने लिखा, “असम के लोग जुबीन के लिए इतने भावुक क्यों हैं? इसका जवाब संगीत, उनकी बहादुरी और उनके विद्रोही स्वभाव में छिपा है। लेकिन सबसे बढ़कर, वह इस धरती पर सबसे मददगार और दयालु इंसानों में से एक थे।” सीएम ने कहा कि जुबीन का संगीत सीधे भावनाओं को छूता था और वह हमेशा असम की विविधता की पहचान बने रहेंगे।

जुबीन गर्ग 20 सितंबर को सिंगापुर के नॉर्थ ईस्ट फेस्टिवल में परफॉर्म करने वाले थे। लेकिन एक दिन पहले हुए हादसे ने संगीत जगत को बड़ा झटका दे दिया। असम सरकार ने 20 से 22 सितंबर तक तीन दिन का राजकीय शोक घोषित किया। जुबीन ने न केवल असमिया बल्कि हिंदी और अन्य भाषाओं में भी यादगार गीत दिए। “या अली” जैसे गीतों से वे हमेशा श्रोताओं के दिलों में जिंदा रहेंगे।