भाजपा को बड़ा झटका, मणिपुर में 43 सदस्य दल छोड़ गए

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की 13 सितंबर को मणिपुर यात्रा से पहले भारतीय जनता पार्टी को बड़ा झटका लगा है। उखरुल जिले के फुंग्यार विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के 43 पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सामूहिक इस्तीफा दे दिया। इस्तीफा देने वालों में मंडल अध्यक्ष, महिला मोर्चा, युवा मोर्चा, किसान मोर्चा और बूथ प्रमुख शामिल हैं।

इस्तीफा देने वाले नेताओं ने एक बयान में कहा कि वे पार्टी के भीतर ‘‘परामर्श और समावेशिता की कमी’’ से निराश हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जमीनी नेतृत्व की अनदेखी लगातार हो रही है। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि भाजपा की विचारधारा के प्रति उनकी निष्ठा बनी रहेगी और वे मणिपुर के लोगों के हित में कार्य करते रहेंगे।

भाजपा की मणिपुर इकाई ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि इस्तीफा देने वाले सदस्य 2022 से ही ‘‘पार्टी विरोधी गतिविधियों’’ में शामिल थे। प्रदेश उपाध्यक्ष अवंग शिमरे होपिंगसन ने इसे ‘‘जनता को गुमराह करने का प्रयास’’ बताया और अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांग की। इस राजनीतिक हलचल के बीच प्रधानमंत्री मोदी शनिवार को राज्य पहुंचेंगे, जहां वे 8,500 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे। उनकी यह यात्रा मई 2023 में भड़की जातीय हिंसा के बाद पहली बार होगी, जब 260 से अधिक लोगों की मौत और हजारों के विस्थापित होने की घटनाएं दर्ज हुई थीं।