महिला वर्ल्ड कप शेड्यूल में बड़ा बदलाव, नवी मुंबई को मिला मौका
आईसीसी महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप 2025 के शेड्यूल में अहम बदलाव किया गया है। पहले बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में होने वाले मुकाबलों को नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में स्थानांतरित कर दिया गया है। यह फैसला हाल ही में चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर हुई भगदड़ की घटना के बाद लिया गया, जिसमें 10 से अधिक फैंस की जान चली गई थी। सुरक्षा कारणों से अब इस मैदान पर टूर्नामेंट के मैच नहीं होंगे।
नए शेड्यूल के मुताबिक नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में पांच बड़े मुकाबले खेले जाएंगे। इनमें तीन लीग मैच, एक सेमीफाइनल और संभवत: फाइनल शामिल हैं। यदि पाकिस्तान फाइनल तक नहीं पहुंचता है तो खिताबी जंग भी यहीं खेली जाएगी। इसके अलावा गुवाहाटी, इंदौर, विशाखापत्तनम और कोलंबो में भी वर्ल्ड कप के मुकाबले आयोजित होंगे।
आईसीसी चेयरमैन जय शाह ने नवी मुंबई को महिला क्रिकेट के लिए विशेष स्थान बताया। उन्होंने कहा, “डीवाई पाटिल स्टेडियम महिला क्रिकेट के लिए आदर्श जगह है। यहां फैंस का जोश और समर्थन खिलाड़ियों को नई ऊर्जा देता है, और मुझे भरोसा है कि यही माहौल वर्ल्ड कप के दौरान भी देखने को मिलेगा।” टूर्नामेंट का फाइनल 2 नवंबर को होगा, जबकि सेमीफाइनल मुकाबले 29 और 30 अक्टूबर को खेले जाएंगे।
