सुंदर नंबर 3 पर? अश्विन की गंभीर को अहम सलाह
मैनचेस्टर टेस्ट से पहले टीम इंडिया में संभावित बदलाव को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। दिग्गज स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने टीम के नए हेड कोच गौतम गंभीर और कप्तान शुभमन गिल को करुण नायर की जगह वॉशिंगटन सुंदर को नंबर तीन पर उतारने की सलाह दी है। अश्विन का मानना है कि सुंदर की तकनीकी मजबूती और मानसिक दृढ़ता इंग्लैंड की परिस्थितियों में टीम को स्थिरता प्रदान कर सकती है।
अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, “अगर टीम वॉशिंगटन सुंदर की बल्लेबाजी पर भरोसा करती है तो उन्हें नंबर 3 पर भेजें और कुलदीप यादव को गेंदबाजी विकल्प के तौर पर शामिल करें।” उन्होंने करुण नायर के खराब फॉर्म पर भी चिंता जताई, जिन्होंने इस सीरीज में तीन मैचों में मात्र 131 रन बनाए हैं। वहीं सुंदर ने लॉर्ड्स और बर्मिंघम टेस्ट में उपयोगी पारियां खेलकर अपना आत्मविश्वास दिखाया है।
भारत फिलहाल पांच मैचों की टेस्ट सीरीज में 2-1 से पीछे है। तीसरे टेस्ट में जीत की अच्छी स्थिति के बावजूद टीम 170 रन पर सिमट गई और इंग्लैंड ने मुकाबला अपने नाम कर लिया। अब चौथे टेस्ट में जीत जरूरी है, और यही वजह है कि टीम संयोजन को लेकर गंभीर विचार हो रहा है। अश्विन की सलाह पर गंभीर और शुभमन गिल क्या फैसला लेते हैं, इस पर सभी की निगाहें टिकी हैं।
