मैनचेस्टर में इतिहास रचने के करीब जसप्रीत बुमराह
मैनचेस्टर: भारत और इंग्लैंड के बीच चल रही टेस्ट सीरीज के चौथे मुकाबले से पहले सबकी निगाहें जसप्रीत बुमराह पर टिकी हैं। 23 जुलाई से ओल्ड ट्रैफर्ड में होने वाले इस मुकाबले में अगर बुमराह खेलते हैं और एक विकेट भी ले लेते हैं, तो वह इंग्लैंड की धरती पर 50 टेस्ट विकेट लेने वाले पहले भारतीय गेंदबाज बन जाएंगे। फिलहाल उनके नाम 10 टेस्ट मैचों में 49 विकेट दर्ज हैं।
टीम मैनेजमेंट की ओर से वर्कलोड मैनेजमेंट के तहत पहले ही स्पष्ट किया गया था कि बुमराह सिर्फ तीन टेस्ट में ही खेलेंगे। अब तक वह पहला और तीसरा मैच खेल चुके हैं, जबकि दूसरे में उन्हें आराम दिया गया था। हालांकि सीरीज में इंग्लैंड 2-1 से आगे है और ऐसे में मैनचेस्टर टेस्ट निर्णायक बनता जा रहा है। बुमराह की मौजूदा फॉर्म को देखते हुए विशेषज्ञ मान रहे हैं कि टीम इंडिया इस अहम मुकाबले में उन्हें बाहर नहीं रख सकती।
पूर्व कप्तान कपिल देव को पछाड़कर बुमराह पहले ही इंग्लैंड में सर्वाधिक विकेट लेने वाले भारतीय बन चुके हैं। उन्होंने तीसरे टेस्ट में पांच विकेट लेकर टीम को वापसी का मौका दिया था। अब यदि उन्हें मैनचेस्टर में मौका मिलता है, तो क्रिकेट इतिहास में एक और स्वर्णिम अध्याय जुड़ सकता है।
