28 साल बाद फिर छाया ‘बॉर्डर’ का जादू

1997 में रिलीज हुई जे.पी. दत्ता की मल्टीस्टारर फिल्म बॉर्डर ने उस दौर के तमाम बड़े सितारों की फिल्मों को पछाड़ते हुए इतिहास रच दिया था। सनी देओल की लीड भूमिका में बनी इस देशभक्ति पर आधारित फिल्म ने न सिर्फ दर्शकों के दिल जीते बल्कि बॉक्स ऑफिस पर भी जबरदस्त कमाई की। ‘बॉर्डर’ के सामने शाहरुख खान की परदेस, आमिर खान की इश्क और अजय देवगन की फिल्में फीकी पड़ गईं।

फिल्म बॉर्डर की रिलीज के साथ ही एक नया ट्रेंड शुरू हुआ—देशभक्ति को मेनस्ट्रीम सिनेमा का हिस्सा बनाने का। सनी देओल की गूंजती आवाज और दमदार डायलॉग्स ने दर्शकों को सिनेमाघरों में सीट से बांध दिया था। सुनील शेट्टी, जैकी श्रॉफ, अक्षय खन्ना और तब्बू जैसे कलाकारों की मौजूदगी ने फिल्म को और भी सशक्त बना दिया। 10 करोड़ के बजट पर बनी इस फिल्म ने वर्ल्डवाइड 64.98 करोड़ की कमाई की थी, जो उस समय एक बड़ी उपलब्धि थी।

शाहरुख की परदेस और बॉबी देओल की गुप्त जैसी फिल्मों को पसंद तो किया गया, लेकिन कमाई के मामले में ये फिल्में बॉर्डर से पीछे रह गईं। बॉर्डर आज भी एक क्लासिक मानी जाती है और इसका प्रभाव 28 साल बाद भी वैसा ही कायम है। सनी देओल की हालिया फिल्म गदर 2 की सफलता ने यह साबित कर दिया कि जब बात देशभक्ति की आती है, तो दर्शक आज भी सनी पाजी को सिर-आंखों पर बैठाते हैं।