भारत-पाक तनाव: ट्रंप के दावे पर कांग्रेस का वार
नई दिल्ली: भारत-पाक तनाव को लेकर डोनाल्ड ट्रंप के हालिया दावे ने देश की सियासत को गर्मा दिया है। अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति ने कहा कि तनाव के दौरान पांच जेट विमानों को मार गिराया गया था और उन्होंने ही व्यापारिक दबाव डालकर युद्ध को रोका। इस बयान के बाद कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सवाल किया कि क्या उन्होंने व्यापार के लिए भारत की गरिमा से समझौता किया?
कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर पीएम की चुप्पी पर तीखा हमला करते हुए कहा कि ट्रंप बार-बार दावा कर रहे हैं और मोदी सरकार खामोश है। कांग्रेस ने पूछा कि अगर ट्रंप की बात सही है तो सरकार ने संसद में स्पष्टीकरण क्यों नहीं दिया? दरअसल, 10 मई को हुए सीजफायर के बाद से ही ट्रंप लगातार यह दावा करते रहे हैं कि अमेरिका की मध्यस्थता के कारण ही भारत-पाक युद्ध टला।
हालांकि, भारत सरकार ने इन दावों को सिरे से खारिज कर दिया है। विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने स्पष्ट किया कि भारत ने किसी तीसरे पक्ष की भूमिका को स्वीकार नहीं किया और पाकिस्तान की पहल पर सैन्य स्तर की बातचीत से युद्धविराम संभव हुआ। आगामी मानसून सत्र में विपक्ष इस मुद्दे को जोरशोर से उठाने की तैयारी में है, जिसमें ऑपरेशन सिंदूर और भारत-पाक तनाव को लेकर सरकार से जवाब मांगा जाएगा।
