विराट कोहली के दिमाग पर दिनेश कार्तिक का बड़ा बयान
भारत के पूर्व विकेटकीपर दिनेश कार्तिक ने इंग्लैंड में विराट कोहली से हुई मुलाकात के बाद चौंकाने वाला खुलासा किया है. कार्तिक का कहना है कि कोहली का शरीर पूरी तरह फिट है, लेकिन उनका दिमाग अब वैसा नहीं रहा जैसा कुछ साल पहले था. इंडिया टुडे कॉन्क्लेव में उन्होंने कहा, “विराट ने हमेशा फिटनेस और मानसिक मजबूती से खुद को अलग साबित किया, लेकिन अब उन्होंने समझ लिया है कि उन्हें क्या करना है. हमें उनके फैसले का सम्मान करना चाहिए.”
विराट कोहली फिलहाल इंग्लैंड में हैं और उन्होंने हाल ही में फिटनेस टेस्ट भी पास किया है. उम्मीद है कि वह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज में खेलते दिखेंगे. यह सीरीज उनके भविष्य को लेकर अहम मानी जा रही है, क्योंकि इसके बाद तय होगा कि कोहली 2027 वनडे वर्ल्ड कप तक भारतीय टीम का हिस्सा रहेंगे या नहीं.
कार्तिक ने कोहली को देश के युवाओं के लिए प्रेरणास्त्रोत बताते हुए कहा कि उनकी आक्रामकता सिर्फ दिखावे तक सीमित नहीं रही, बल्कि उसे उन्होंने लगातार रन बनाकर साबित किया. हालांकि, उनका मानना है कि कोहली की मानसिकता में बदलाव आ चुका है, और यही वजह है कि अब वह अपने करियर के अगले कदम को लेकर स्पष्ट हैं.
