रिचा घोष की कप्तानी की वकालत, बोले सौरव गांगुली

कोलकाता के ईडन गार्डन्स में शनिवार का दिन महिला क्रिकेट के लिए ऐतिहासिक रहा, जब विश्वकप विजेता रिचा घोष को भव्य सम्मान दिया गया। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल (CAB) के अध्यक्ष सौरव गांगुली, पूर्व क्रिकेटर झूलन गोस्वामी और अभिनेत्री मिमी चक्रवर्ती सहित कई हस्तियां इस मौके पर मौजूद रहीं। मुख्यमंत्री ने रिचा और उनके माता-पिता को सम्मानित करते हुए कहा, “प्यार और मन की शक्ति से रिचा न केवल बंगाल, बल्कि पूरी दुनिया को जीत लेगी।”

कार्यक्रम के दौरान सौरव गांगुली ने रिचा घोष की प्रशंसा करते हुए कहा कि वह भविष्य में भारतीय टीम की कप्तान बन सकती हैं। उन्होंने कहा, “मैंने तीन विश्वकप खेले, लेकिन ट्रॉफी नहीं जीत सका। रिचा और उनकी टीम ने 47 साल का सपना पूरा किया है। वह कठिन परिस्थितियों में खेलती हैं, और यही उन्हें खास बनाता है।” गांगुली ने रिचा के खेल को “असाधारण और प्रेरणादायक” बताया।

झूलन गोस्वामी ने भी रिचा की सफलता की कहानी साझा करते हुए कहा कि शिलिगुड़ी के जिला स्तर पर उनकी प्रतिभा पहली बार पहचानी गई थी। आज वही खिलाड़ी भारत को गौरवान्वित कर रही है। सीएबी ने रिचा घोष को ₹34 लाख और एक स्वर्ण बैट भेंट किया, साथ ही राज्य सरकार ने उन्हें बंगभूषण सम्मान और पुलिस विभाग में डीएसपी पद से नवाज़ा है।