पाकिस्तान-श्रीलंका मैच में अबरार की हरकत से बनी चर्चा
एशिया कप 2025 के सुपर-4 मुकाबले में पाकिस्तान ने श्रीलंका को 5 विकेट से हराया, लेकिन सुर्खियों में रही दोनों टीमों के खिलाड़ियों की हरकतें। पाकिस्तान के स्पिनर अबरार अहमद ने श्रीलंका के ऑलराउंडर वानिंदु हसरंगा को बोल्ड करने के बाद उनकी नकल उतारी। मैदान पर यह दृश्य देखते ही दर्शक हैरान रह गए।
हसरंगा ने तुरंत जवाब नहीं दिया, लेकिन मौका मिलते ही उन्होंने पाकिस्तान के बल्लेबाज सैम अय्यूब का विकेट लेकर अबरार अहमद की हूबहू नकल उतारी। इस मज़ाकिया पल का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया और अबरार काफी शर्मिंदा नज़र आए। क्रिकेट प्रेमियों ने इसे खेलभावना के भीतर रहने वाला एक दिलचस्प वाकया बताया।
मैच के बाद हालांकि दोनों खिलाड़ियों ने गिले-शिकवे दूर कर गले मिलकर खेल भावना का परिचय दिया। इस मैच में अबरार अहमद ने 4 ओवर में सिर्फ 8 रन देकर एक विकेट लिया, जबकि हसरंगा ने 2 विकेट हासिल किए। श्रीलंका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 133 रन बनाए थे, जिसे पाकिस्तान ने 18 ओवर में ही हासिल कर लिया।
