मेस्सी ने इंटर मियामी के साथ अनुबंध बढ़ाया
फुटबॉल सुपरस्टार लियोनेल मेस्सी ने इंटर मियामी के साथ अपने अनुबंध की अवधि बढ़ाकर 2028 तक कर दी है। क्लब ने एक आधिकारिक बयान जारी कर बताया कि कप्तान और आठ बार के बैलन डी’ऑर विजेता मेस्सी अब मेजर लीग सॉकर (MLS) में आने वाले चार सालों तक टीम का हिस्सा रहेंगे।
इंटर मियामी ने अपने बयान में कहा, “हम गर्व के साथ घोषणा करते हैं कि लियो मेस्सी हमारे साथ 2028 सीज़न तक बने रहेंगे।” इस घोषणा के साथ क्लब ने मेस्सी के टीम में बने रहने को “महत्वपूर्ण क्षण” बताया, जिसने क्लब की अंतरराष्ट्रीय पहचान को और मजबूत किया है।
मेस्सी ने अपने बयान में कहा, “यहाँ रहकर और नया अनुबंध साइन करके मैं बेहद खुश हूँ। इंटर मियामी मेरे और मेरे परिवार के लिए घर जैसा बन गया है।” फुटबॉल विश्लेषकों का मानना है कि यह निर्णय न सिर्फ क्लब की व्यावसायिक वृद्धि बल्कि अमेरिकी फुटबॉल संस्कृति को भी और ऊँचाइयों पर ले जाएगा।
