हॉकी वर्ल्ड कप 2026: भारत सहित 8 टीमें क्वालिफाई

भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने एशिया कप 2025 के फाइनल में साउथ कोरिया को 4-1 से हराकर न केवल खिताब अपने नाम किया, बल्कि हॉकी वर्ल्ड कप 2026 के लिए भी जगह पक्की कर ली। यह टूर्नामेंट अगले साल बेल्जियम और नीदरलैंड में संयुक्त रूप से खेला जाएगा। भारत ने पिछली बार 1975 में कुआलालंपुर में विश्व खिताब जीता था और तब से टीम लगातार एक और खिताब की तलाश में है।

अब तक इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट के लिए आठ टीमें क्वालिफाई कर चुकी हैं। भारत के अलावा मेज़बान देशों बेल्जियम और नीदरलैंड को सीधी एंट्री मिली है। वहीं ऑस्ट्रेलिया ने एफआईएच प्रो लीग 2023-24 जीतकर टिकट हासिल किया, जबकि स्पेन ने प्रो लीग 2024-25 में तीसरे स्थान पर रहकर क्वालीफाई किया। अर्जेंटीना ने पैन अमेरिकन कप 2025, जर्मनी ने यूरो हॉकी चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचकर और न्यूजीलैंड ने ओशिनिया कप जीतकर अपनी जगह सुनिश्चित की।

कुल 16 टीमों को हिस्सा लेना है, इसलिए अभी आठ स्लॉट खाली हैं। इनमें से एक स्थान अफ्रीकी महाद्वीपीय चैंपियन को मिलेगा, जबकि बाकी सात टीमों का फैसला एफआईएच क्वालिफायर 2026 से होगा। विशेषज्ञों का मानना है कि भारत की मौजूदा फॉर्म टीम को मजबूत दावेदार बना रही है, लेकिन वर्ल्ड कप में चुनौती और भी कड़ी होगी।