हेटमायर के आखिरी गेंद के छक्के से ऐतिहासिक जीत

डलास: मेजर लीग क्रिकेट 2025 के 18वें मुकाबले में सिएटल ओर्कास ने एमआई न्यूयार्क को तीन विकेट से हराकर रोमांचक जीत दर्ज की। मैच में कुल 475 रन बने और 11 विकेट गिरे, लेकिन अंत में चर्चा का केंद्र बने वेस्टइंडीज के विस्फोटक बल्लेबाज हेटमायर, जिन्होंने आखिरी गेंद पर छक्का मारकर टीम को जीत दिलाई। एमआई न्यूयार्क के कप्तान निकोलस पूरन ने 108* रन की पारी खेली, पर वह जीत दिलाने में नाकाम रहे।

238 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए ओर्कास की शुरुआत साधारण रही, लेकिन चोटिल होने के बावजूद हेटमायर ने मैच का पासा पलट दिया। उन्होंने 40 गेंदों पर 97 रन (9 छक्के, 4 चौके) की नाबाद पारी खेली। कप्तान सिकंदर रज़ा ने भी 9 गेंदों में 30 रन जोड़ते हुए तेजी से रन गति बढ़ाई। अंतिम ओवर में जब 6 गेंदों में 9 रन चाहिए थे, पोलार्ड ने पहले चार गेंदों में सिर्फ तीन रन दिए। लेकिन अंतिम गेंद पर हेटमायर ने स्क्वॉयर लेग के ऊपर से छक्का मारकर एमआई न्यूयार्क के जबड़े से जीत छीन ली।

इससे पहले, निकोलस पूरन और तजिंदर सिंह ने रिकॉर्ड साझेदारी कर एमआई न्यूयार्क को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। दोनों ने मिलकर 158 रन जोड़े, जो MLC इतिहास की सबसे बड़ी साझेदारी रही। पूरन ने जहां 60 गेंदों में नाबाद 108 रन बनाए, वहीं तजिंदर ने 95 रन ठोके। पर अंत में, हेटमायर की निर्णायक पारी ने सभी रिकॉर्डों को पीछे छोड़ दिया और उन्हें इस मुकाबले का नायक बना दिया।