भारतीय एक दिन में चलते हैं औसतन 4,297 कदम
दुनियाभर में फिटनेस को लेकर जागरुकता बढ़ने के बावजूद, भारत में लोगों की रोजमर्रा की शारीरिक गतिविधि सीमित दिखाई देती है। एक अंतरराष्ट्रीय अध्ययन के अनुसार, भारतीय औसतन एक दिन में केवल 4,297 कदम चलते हैं। यह आंकड़ा 2017 की एक स्टडी में सामने आया था, जिसमें 111 देशों के 7 लाख से अधिक लोगों की एक्टिविटी को लगभग 95 दिनों तक ट्रैक किया गया था। रिपोर्ट में पाया गया कि भारत चलने के मामले में कई देशों से पीछे है।
विशेषज्ञों का मानना है कि वॉकिंग सबसे सरल और प्रभावी व्यायाम है, जो हृदय स्वास्थ्य से लेकर वजन नियंत्रण तक कई फायदे देता है। सेंटर फॉर डिजीज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन (CDC) के अनुसार, वयस्कों को रोजाना कम से कम 5,000 कदम चलने का लक्ष्य रखना चाहिए। वहीं वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. अजय कुमार सलाह देते हैं कि 18 से 45 वर्ष की आयु वर्ग के लोगों को रोजाना 9,000 से 11,000 कदम चलना चाहिए, जबकि 60 वर्ष से अधिक उम्र वालों के लिए 5,000 से 6,000 कदम पर्याप्त हैं।
विशेषज्ञ यह भी कहते हैं कि छोटे-छोटे बदलाव जैसे लिफ्ट की जगह सीढ़ियों का उपयोग, ऑफिस ब्रेक में थोड़ी वॉक, या फोन पर बात करते हुए टहलना—दैनिक कदमों की संख्या को बढ़ा सकते हैं। वॉकिंग न केवल फिटनेस बढ़ाती है बल्कि मानसिक स्वास्थ्य को भी बेहतर बनाती है।
