चुनाव आयोग कल करेगा SIR कार्यक्रम की घोषणा

भारत निर्वाचन आयोग (ईसी) ने शनिवार, 27 अक्टूबर को शाम 4:15 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाने की घोषणा की है, जिसमें देशभर में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम की तारीखों का ऐलान किया जाएगा। यह कार्यक्रम मतदाता सूची के अद्यतन और सत्यापन पर केंद्रित होगा। अधिकारियों के अनुसार, पहले चरण में 10 से 15 राज्यों को शामिल किया जाएगा, जिनमें 2026 में विधानसभा चुनाव होने वाले राज्य भी रहेंगे।

आयोग के सूत्रों ने बताया कि SIR के पहले चरण में उन राज्यों को प्राथमिकता दी जाएगी, जहां आगामी वर्ष में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं। इनमें तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, केरल, असम और पुडुचेरी जैसे राज्य शामिल हैं। वहीं, जिन राज्यों में स्थानीय निकाय चुनाव चल रहे हैं, वहां यह प्रक्रिया फिलहाल टाल दी जाएगी। अधिकारियों ने बताया कि उद्देश्य है कि चुनावी मशीनरी पर अतिरिक्त दबाव न पड़े।

चुनाव आयोग ने राज्यों के मुख्य निर्वाचन अधिकारियों के साथ दो दौर की बैठकें पहले ही पूरी कर ली हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि यह हाल के वर्षों में आयोग का सबसे बड़ा मतदाता सत्यापन अभियान होगा। इस SIR के तहत मतदाताओं के जन्मस्थान की पुष्टि, मृतक अथवा दोहरे पंजीकरण वाले नामों को हटाने और अवैध विदेशी प्रवासियों की पहचान पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। प्रेस कॉन्फ्रेंस में राज्यवार रोलआउट योजना और विस्तृत कार्यक्रम साझा किया जाएगा।