गूगल-मेटा पर ईडी की नजर, सट्टेबाजी ऐड में भूमिका जांचेगी
नई दिल्ली: ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप्स के बढ़ते चलन पर लगाम कसने की कोशिशों के तहत प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने तकनीकी दिग्गज गूगल और मेटा को नोटिस जारी किया है। ईडी का आरोप है कि इन दोनों कंपनियों ने अवैध सट्टेबाजी प्लेटफॉर्म्स को अपने प्लेटफॉर्म्स पर प्रमोट किया, जिससे आम लोगों तक इन ऐप्स की पहुंच आसान हो गई। इसी संदर्भ में 21 जुलाई को दोनों कंपनियों के प्रतिनिधियों को पूछताछ के लिए बुलाया गया है।
सूत्रों के अनुसार, ईडी को संदेह है कि इन डिजिटल प्रचार अभियानों के जरिए करोड़ों रुपये की काली कमाई हुई है। जांच एजेंसी का फोकस इस बात पर है कि क्या गूगल और मेटा को यह जानकारी थी कि वे जिन क्लाइंट्स के विज्ञापन चला रहे हैं, वे अवैध गतिविधियों में शामिल हैं। पूछताछ में इन कंपनियों की विज्ञापन नीतियों, प्रमोशन अप्रूवल प्रक्रिया और रेवेन्यू मॉडल की भी पड़ताल की जाएगी।
यह कार्रवाई उस व्यापक जांच का हिस्सा है, जिसमें ईडी पूरे देश में सट्टेबाजी नेटवर्क पर शिकंजा कस रही है। हाल ही में तेलंगाना में फिल्मी हस्तियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया, जबकि मुंबई में अवैध डब्बा ट्रेडिंग नेटवर्क पर छापेमारी कर 3 करोड़ रुपये नकद और लग्जरी सामान जब्त किए गए। ईडी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, “हम न सिर्फ पैसा बनाने वाले तंत्र को खत्म करना चाहते हैं, बल्कि डिजिटल माध्यमों की भूमिका को भी जवाबदेह बनाना जरूरी है।”
