अडानी का बड़ा दांव: बिहार में 26 हजार करोड़ का पावर प्लांट
बिहार विधानसभा चुनाव से पहले अडानी पावर ने बड़ा निवेश का ऐलान किया है। कंपनी ने बताया कि वह 26 हजार करोड़ रुपये की लागत से भागलपुर के पीरपैंती में 2,400 मेगावाट का ग्रीनफील्ड थर्मल पावर प्लांट लगाएगी। अडानी पावर को बिहार राज्य विद्युत उत्पादन कंपनी लिमिटेड (BSPGCL) से 25 साल के लॉन्ग टर्म बिजली खरीद के लिए लेटर ऑफ अवार्ड (LoA) मिल चुका है। कंपनी के अनुसार, इस बिजली की सप्लाई पीरपैंती में बनाए जाने वाले अल्ट्रा सुपर क्रिटिकल प्लांट से की जाएगी।
इस परियोजना से न केवल बिजली उत्पादन बढ़ेगा, बल्कि रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे। निर्माण चरण में अनुमानित 10,000 से 12,000 लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिलेगा, जबकि संचालन शुरू होने पर करीब 3,000 लोगों को स्थायी रोजगार मिलेगा। अडानी पावर ने प्लांट और बुनियादी ढांचे के विकास के लिए 3 अरब डॉलर का निवेश करने की योजना बनाई है। विशेषज्ञों के अनुसार, भारत में बिजली की मांग तेज़ी से बढ़ रही है, जिसमें शहरीकरण और औद्योगीकरण अहम भूमिका निभा रहे हैं।
शेयर बाजार में भी अडानी पावर को इसका फायदा मिला। कंपनी के इस निवेश और LoA मिलने की खबर के बाद उसके शेयरों में 3 प्रतिशत तक की तेजी देखने को मिली। एक दिन पहले शेयर ₹583.35 पर बंद हुए थे, जबकि घोषणा के बाद इंट्राडे हाई ₹601.30 तक पहुंचा। विशेषज्ञों का मानना है कि यह निवेश न केवल बिहार की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करेगा बल्कि अडानी पावर की बाजार स्थिति को भी मजबूत करेगा।
