अश्लील वीडियो का खौफ और रसूखदारों का साथ! आखिर क्यों जान गंवा बैठे लखनऊ के कारोबारी शिवा?

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में करोड़पति कारोबारी शिवा शर्मा की मौत की गुत्थी दिन-प्रतिदिन गहरी होती जा रही है। सीसीटीवी फुटेज में शिवा शर्मा के चौथी मंजिल से नीचे गिरने की तस्वीरें साफ नजर आ रही हैं, लेकिन वह किन परिस्थितियों में नीचे गिरे, यह सवाल चार दिन बीत जाने के बाद भी अनसुलझा है। हालांकि, मौके के हालात और प्राथमिक रिपोर्ट के आधार पर पुलिस इस घटना को एक सोची-समझी मर्डर मिस्ट्री मानकर आगे बढ़ रही है।
उधर, मृतक शिवा शर्मा की मां द्वारा पुलिस को दिए गए बयानों ने मामले को और उलझा दिया है। मां का दावा है कि उनके बेटे के कुछ अश्लील वीडियो मॉडल श्रद्धा दुबे के पास थे। इन्हीं निजी वीडियो को हथियार बनाकर श्रद्धा लंबे समय से शिवा को मानसिक रूप से प्रताड़ित और ब्लैकमेल कर रही थी। मां ने आरोप लगाया कि श्रद्धा अपने ऊंचे संपर्कों और रसूख की धौंस देकर शिवा को समाज में बदनाम करने के साथ-साथ उनका कारोबार भी ठप करने की धमकी देती थी।
पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि शिवा शर्मा ने खुद बालकनी से छलांग लगाई थी या उन्हें किसी ने नीचे धक्का दिया था। सामने आए सीसीटीवी फुटेज में शिवा नीचे गिरते हुए दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, शिवा की मां और कुछ चश्मदीदों का कहना है कि उन्हें आत्महत्या के लिए मजबूर किया गया था। मां का सीधा आरोप है कि श्रद्धा और उसके सहयोगियों ने उनके बेटे को इस खौफनाक कदम के लिए विवश कर दिया।
जांच के दौरान पुलिस ने श्रद्धा दुबे की कॉल डिटेल खंगाली है, जिससे चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। मूल रूप से रायबरेली की रहने वाली मॉडल श्रद्धा के तार देश और प्रदेश के कई बड़े सियासी दिग्गजों से जुड़े थे। इसके अलावा, दस से अधिक वरिष्ठ आईएएस, आईपीएस अधिकारियों और भारतीय क्रिकेट टीम के कुछ जाने-माने सदस्यों से भी उसके संबंध सामने आए हैं। घटना के बाद इनमें से कई लोगों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर उसे अनफॉलो कर दिया है।
हादसे के बाद जब शिवा शर्मा को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया, तो श्रद्धा घबरा गई। पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटना के तुरंत बाद उसने अपने एक्स-बॉयफ्रेंड आमिर को बुलाया और अपनी बहन रश्मि के साथ वहां से फरार हो गई। शुरुआती इनपुट मिले हैं कि श्रद्धा नेपाल भाग गई है और पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
