RBI के नए ATM नियम: फ्री ट्रांजैक्शन लिमिट और शुल्क पर बैंकों को देना होगा अलर्ट

भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने ATM ट्रांजैक्शन से जुड़े नियमों को सरल और स्पष्ट बनाते हुए नए मास्टर निर्देश जारी किए हैं। अब बैंकों को ग्राहकों को उनके द्वारा इस्तेमाल की गई फ्री ATM ट्रांजैक्शन लिमिट की जानकारी SMS या अन्य माध्यमों से देनी होगी। साथ ही, लिमिट खत्म होने के बाद कैश निकालने पर लगने वाले शुल्क की जानकारी भी स्पष्ट करनी होगी। ये नियम सभी सरकारी, निजी, ग्रामीण और सहकारी बैंकों पर तत्काल प्रभाव से लागू हो गए हैं।
मौजूदा नियमों के अनुसार, ग्राहक अपने बैंक के ATM से हर महीने 5 फ्री ट्रांजैक्शन कर सकते हैं। मेट्रो शहरों में दूसरे बैंक के ATM से 3 और नॉन-मेट्रो शहरों में 5 फ्री ट्रांजैक्शन की सुविधा मिलती है। फ्री लिमिट खत्म होने पर बैंक प्रति ट्रांजैक्शन अधिकतम 23 रुपये और टैक्स वसूल सकते हैं। तकनीकी खराबी, सर्वर डाउन या कैश न होने के कारण फेल हुए ट्रांजैक्शन पर कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा और न ही इन्हें फ्री लिमिट में गिना जाएगा।
RBI ने PoS मशीनों के जरिए कैश निकासी की सुविधा को भी स्पष्ट किया है। अब ग्राहक डेबिट कार्ड, प्रीपेड इंस्ट्रूमेंट और UPI के जरिए PoS से एक बार में 2,000 रुपये और महीने में 10,000 रुपये तक निकाल सकेंगे। इसके लिए कोई सामान खरीदना अनिवार्य नहीं है और बैंक या संस्था इस पर निकाली गई राशि का अधिकतम 1 फीसदी ही शुल्क ले सकती है।
