पीएम किसान योजना: दिवाली से पहले आ सकती है 21वीं किस्त

नई दिल्ली। दिवाली से पहले किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना (PM Kisan Yojana) की 21वीं किस्त का तोहफा मिल सकता है। 20वीं किस्त 2 अगस्त 2025 को जारी की गई थी, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वाराणसी से 20,500 करोड़ रुपये 9.71 करोड़ किसानों के खातों में ट्रांसफर किए थे। अब करोड़ों किसान अगली 2000 रुपये की किस्त का इंतजार कर रहे हैं।

त्योहारों के मौसम और बिहार चुनाव को देखते हुए अटकलें तेज हैं कि सरकार अक्टूबर के पहले या मध्य हफ्ते में ही 21वीं किस्त जारी कर सकती है। पिछले रिकॉर्ड देखें तो 2024 में 5 अक्टूबर, 2023 में 15 नवंबर और 2022 में 17 अक्टूबर को किस्त जारी हुई थी। हालांकि, सरकार की ओर से अब तक आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

विशेषज्ञों का मानना है कि आचार संहिता लागू होने से पहले किस्त जारी होने की संभावना ज्यादा है। लेकिन किसानों को यह ध्यान रखना होगा कि अगर ई-केवाईसी पूरी नहीं हुई है, आधार नंबर बैंक खाते से लिंक नहीं है, या जमीन का सत्यापन अधूरा है, तो पैसा अटक सकता है। किसान pmkisan.gov.in पर जाकर “Beneficiary Status” में अपनी अगली किस्त का स्टेटस आसानी से देख सकते हैं।