म्यांमार संघर्षविराम: चीन की पहल से TNLA ने थामा युद्ध

म्यांमार में जारी गृहयुद्ध पर एक अहम मोड़ आया है। चीन की मध्यस्थता में विद्रोही गुट तांग नेशनल लिबरेशन आर्मी (TNLA) ने म्यांमार की सैन्य सरकार के साथ संघर्षविराम समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। यह समझौता चीन के कुनमिंग शहर में हुआ, जिसे म्यांमार में शांति प्रक्रिया की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

TNLA ने घोषणा की है कि वह शान राज्य के उत्तरी हिस्सों और मोगोक क्षेत्र से अपने सैनिकों को चरणबद्ध तरीके से हटा लेगी। हालांकि, इस प्रक्रिया की समयसीमा स्पष्ट नहीं की गई है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, दोनों पक्षों ने बुधवार से ही सेना की वापसी शुरू कर दी है। इससे पहले, ब्रदरहुड एलायंस के एक और प्रमुख गुट म्यांमार नेशनल डेमोक्रेटिक एलायंस आर्मी (MNDAA) ने भी युद्धविराम का ऐलान किया था।

अब विशेषज्ञों का मानना है कि इस निर्णय से गठबंधन के तीसरे सदस्य अराकान आर्मी पर दबाव बढ़ गया है। 2021 में सेना के तख्तापलट के बाद म्यांमार में लोकतंत्र बहाली की मांग ने हिंसक रूप ले लिया था। TNLA और MNDAA के पीछे हटने से ब्रदरहुड एलायंस की एकता पर प्रश्नचिह्न लग गया है और रखाइन राज्य में जारी संघर्ष का भविष्य अब अनिश्चित दिख रहा है।