बिहार चुनाव 2025: 6 और 11 नवंबर को मतदान, 14 को नतीजे

नई दिल्ली। बिहार विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान करते हुए सोमवार को चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने बताया कि इस बार राज्य में दो चरणों में मतदान होगा। पहले चरण में 121 सीटों पर 6 नवंबर को मतदान होगा, जबकि शेष 122 सीटों पर दूसरे चरण में 11 नवंबर को वोट डाले जाएंगे। मतगणना 14 नवंबर को होगी और पूरी चुनावी प्रक्रिया 16 नवंबर तक पूरी की जाएगी।

आयोग ने बताया कि पहले चरण के लिए नामांकन 10 से 17 अक्टूबर तक भरे जा सकेंगे और 20 अक्टूबर तक नाम वापस लिए जा सकते हैं। वहीं, दूसरे चरण के लिए नामांकन की अंतिम तिथि 20 अक्टूबर और नाम वापसी की आखिरी तारीख 23 अक्टूबर रखी गई है। चुनाव आयोग ने बताया कि इस बार बिहार में 7.43 करोड़ मतदाता और 90,712 मतदान केंद्र होंगे।

शांतिपूर्ण चुनाव सुनिश्चित करने के लिए आयोग ने कई नए कदम उठाए हैं। पहली बार सभी बूथ स्तर के एजेंटों को दिल्ली में प्रशिक्षण दिया गया है। मतदान केंद्रों पर मतदाताओं को मोबाइल बाहर जमा कर वोट डालना होगा। ‘ECI Net’ नामक एकीकृत ऐप लॉन्च किया गया है, जिससे मतदाता सीधे 1950 नंबर पर अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगे। हालांकि, विपक्ष ने विशेष पुनरीक्षण (SIR) में करीब 65 लाख नाम हटाने पर सवाल उठाए हैं, जिस पर आयोग ने कहा कि योग्य मतदाता अब भी फॉर्म 6 या 7 भरकर शामिल हो सकते हैं।