रजनीकांत की भारी-भरकम फीस! रिलीज से पहले ही बॉक्स ऑफिस पर सुनामी लाने को तैयार ‘जेलर 2’

रजनीकांत की भारी-भरकम फीस! रिलीज से पहले ही बॉक्स ऑफिस पर सुनामी लाने को तैयार ‘जेलर 2’

साउथ सिनेमा के सुपरस्टार रजनीकांत और निर्देशक नेल्सन दिलीपकुमार की ब्लॉकबस्टर जोड़ी एक बार फिर बड़े पर्दे पर धमाल मचाने के लिए तैयार है। बहुप्रतीक्षित एक्शन-कॉमेडी फिल्म ‘जेलर 2’ आगामी 15 अक्टूबर को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस भव्य फिल्म का कुल बजट 240 से 300 करोड़ रुपये के बीच तय किया गया है। इस बजट में मुख्य कलाकारों की भारी-भरकम फीस भी शामिल है। हालांकि, यदि स्टार्स की फीस को अलग कर दिया जाए, तो फिल्म की मूल निर्माण लागत 100 करोड़ रुपये से भी कम बैठती है। हालांकि, प्रोडक्शन हाउस सन पिक्चर्स ने अभी तक आधिकारिक तौर पर इस बजट के आंकड़ों की पुष्टि नहीं की है। साल 2023 में 200 करोड़ के बजट में बनी ‘जेलर’ की ऐतिहासिक सफलता के बाद, इस बार मेकर्स इस फ्रेंचाइजी को और भी बड़े पैमाने पर लेकर आ रहे हैं।

रिपोर्ट्स के अनुसार, इस फिल्म के लिए मुख्य अभिनेता रजनीकांत करीब 110 करोड़ रुपये की फीस ले रहे हैं। इसके अलावा, वह फिल्म के बॉक्स ऑफिस मुनाफे से भी एक बड़ा हिस्सा अपने नाम करेंगे। यदि फिल्म बॉक्स ऑफिस पर ऐतिहासिक कमाई करती है, तो उनकी कुल कमाई बढ़कर 180 करोड़ रुपये तक पहुंच सकती है। हालांकि, यह 180 करोड़ रुपये उनकी निश्चित सैलरी नहीं है, बल्कि यह पूरी तरह से फिल्म के प्रॉफिट शेयरिंग पर निर्भर करती है। निर्माताओं की तरफ से अभी तक इस अनुबंध या पारिश्रमिक को लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया गया है, लेकिन पहली फिल्म की अपार सफलता के बाद इस खबर ने फैंस के बीच उत्साह को और अधिक बढ़ा दिया है।

पुरानी स्टार कास्ट के साथ-साथ ‘जेलर 2’ में कई नए और जाने-माने चेहरे भी जुड़ रहे हैं। फिल्म में रम्‍या कृष्णन, योगी बाबू, मिर्ना और रित्विक अपने पुराने किरदारों में ही नजर आएंगे। वहीं, नए कलाकारों में एस जे सूर्या, मिथुन चक्रवर्ती, सूरज वेंजारमूडु और विद्या बालन अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे। इसके अलावा मोहनलाल, शिव राजकुमार, जैकी श्रॉफ, विजय सेतुपति और ऋतिक रोशन इस फिल्म में खास कैमियो करते नजर आएंगे। कलानिथी मारन के सन पिक्चर्स बैनर तले बन रही इस फिल्म का निर्देशन नेल्सन दिलीपकुमार ने किया है। फिल्म का संगीत अनिरुद्ध रविचंदर ने दिया है, जबकि सिनेमैटोग्राफी विजय कार्तिक कन्नन ने संभाली है। एक्शन दृश्यों को चेतन डी’सूजा ने कोरियोग्राफ किया है। शानदार स्टारकास्ट और तगड़े बजट वाली यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर क्या नया इतिहास रचती है, यह देखने वाली बात होगी।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *